VIDEO चेतावनी- आज रात 12 बजे से से निजी बस ऑपरेटर्स अनिश्चितकालिन हड़ताल पर !

भीलवाड़ा प्रहलाद तेली। सरकार ने बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन, राजस्थान की 21 सूत्रीय मांगे नहीं मानी तो निजी बस ऑपरेटर्स आज रात 12 बजे से अनिश्चितकालिन हड़ताल पर जायेंगे। यह चेतावनी, सोमवार को बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के प्रदेश प्रवक्ता जगदीश चंद्र ओझा ने दी।
ओझा ने बताया कि बस ऑपरेटर्स लोक परिवहन सेवा की बसों की आयु मॉडल, कंडीशन ऑल इंडिया परमिट की बसों के समान 12 वर्ष करने, अन्य स्टेज कैरिज की उप नगरीय, अंतर राज्य मार्ग, अन्य श्रेणी मार्ग, ग्रामीण मांर्ग 15 वर्ष, 20 वर्ष व 25 वर्ष करने, सीटिंग कैपेसिटी की बाध्यता समाप्त करने सहित 21 सूत्रीय मांगे सरकार के समक्ष रखी गई है। ओझा ने कहा कि जब से राज्य सरकार ने कार्यभार संभाला तब से निजी बस ऑपरेट्र्स 51 बार अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दे चुके हैं। अब तक सरकार ने किसी भी मांग को मानने से साफ इनकार कर दिया। ओझा ने सरकार पर आरोप लगाया कि रेवडिय़ां बांटने के लिए महिलाओं को 50 प्रतिशत की छूट दी है। मेला यात्रियों को भी 50 प्रतिशत की छूट दी है। ऑपरेटर्स की मांग है कि सरकार ये छूट बंद करें। अगर सरकार ये छूट बंद नहीं करेंगी तो प्राइवेट बस ऑपरेटर न तो टैक्स और न ही गाडिय़ों की किश्तें जमा करवा पायेगा। उन्होंने कहा कि निजी ऑपरेटर्स को सरकार टैक्स में छूट दें, नये रूट खोलें। उन्होंने कहा कि रोडवेज के पास सिर्फ तीन हजार बसें हैं। लेकिन रोडवेज ने करीब सात हजार परमिट अपने कब्जे में कर रखे हैं। न तो रोडवेज बसों को ऑपरेट कर पा रही है और न ही ही निजी बस ऑपरेटर्स को परमिट दे रही है। ओझा ने कहा कि सरकार हमारी 21 सूत्रीय मांगों पर तुरंत विचार करें, अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो निजी बस ऑपरेटर्स आज रात 12 बजे से अनिश्चितकालिन हड़ताल पर जा रहे हैं। इससे पहले निजी बस ऑपरेटर्स की प्राइवेट बस स्टैंड पर बैठक आयोजित की गई। इसमें निजी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद थे।
