नए साल के पहले दिन एमपी के इन प्रसिद्ध मंदिरों के कर सकते हैं दर्शन, जानिए कहां, क्या है खास

साल 2022 के खत्म होने में अब बस कुछ ही घंटे और बचे हैं। नए साल का स्वागत करने के लिए हर वर्ग उत्सुक है और सभी 2023 के पहले दिन को खास और यादगार बनाना चाहते हैं। अगर आप भी नए साल का भव्य आगाज करने की सोच रहे हैं, और इसे कैसे सेलिब्रेट करें इसे लेकर कशमकश में हैं, तो हम आपकी मुश्किल को हल कर देते हैं। हम में से बहुत सारे लोग नए साल की शुरुआत भगवान के दर्शन के साथ करना चाहते हैं। तो आइए आज आपको मध्यप्रदेश के उन प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के बारे में बताते हैं, जहां दर्शन कर आप नए साल की खुशनुमा शुरुआत कर सकते हैं।
महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग
देश के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर में साल भर भक्तों का जमावड़ा लगा रहता है। खास मौकों पर लाखों की संख्या में भक्त बाबा महाकाल के दर्शन करने और आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। नए साल पर आप बाबा महाकाल के दर्शन कर नव वर्ष का मंगलमय स्वागत कर सकते हैं। साथ ही हाल ही में लोकार्पण के बाद दर्शनार्थियों के लिए खुले महाकाल लोक का भ्रमण कर और मालवा के लजीज व्यंजनों का जायका लेते हुए नए साल को खास बना सकते हैं। इस धार्मिक नगरी में हरसिद्धि मंदिर, काल भैरव मंदिर, चिंतामन गणेश मंदिर और मंगलनाथ मंदिर जैसे कई प्रसिद्ध मंदिर हैं आप इनके दर्शन करने भी जा सकते हैं।
भोजपुर शिव मंदिर
राजधानी भोपाल से महज 30 किमी की दूरी पर स्थित भोजपुर शिव मंदिर मध्यप्रदेश की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत है। हरे भरे पेड़ों से गिरा रास्ता और गुलाबी ठंडक नए साल को और खास बना देगी।
भोजपुर को एमपी के सोमनाथ के नाम से भी जाना जाता है। नए साल की शुरुआत आप परिवार के साथ भोजपुर शिव मंदिर के दर्शन और पूजा अर्चना के साथ कर सकते हैं। यहां का खुला वातावरण आपको ताजगी से भर देगा और एक नई ऊर्जा का संचार करेगा। परमार राजा भोज द्वारा निर्मित इस मंदिर में देश का सबसे ऊंचा करीब 40 फीट का शिवलिंग स्थित है।
राम राजा मंदिर
ओरछा में कई ऐतिहासिक किले, छतरियां और पर्यटन स्थल हैं। नए साल को यादगार बनाने के लिए ओरछा से बेहतर जगह आपको नहीं मिलेगी। अपने दिन की शुरुआत ओरछा में स्थित भगवान राम राजा सरकार के दर्शन के साथ करते हुए आप ओरछा के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर सकते हैं। विलेज लाइफ देखने और फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए भी ओरछा एक खास जगह है।
जुगल किशोर मंदिर
मध्यप्रदेश का पन्ना जिला अपने बेशकीमती हीरों के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। अगर आप नए साल पर पन्ना की यात्रा करने की सोच रहे हैं तो ये जगह बेहद खास है। आप भगवान जुगल किशोर के दर्शनों के साथ नव वर्ष का आगाज कर सकते हैं। साथ ही पन्ना जिले में स्थित नेशनल पार्क की सैर कर सकते हैं। यहां पद्मवती मंदिर, प्राणनाथ मंदिर जैसे कई मंदिर हैं। आप पांडव गुफा, झरना, किलकिला फॉल, घड़ियाल सेंचुरी की सैर भी कर सकते हैं। पन्ना राजा छत्रसाल की राजधानी थी, यहां राजा छत्रसाल से जुड़ी कई विरासतें भी मौजूद हैं।
शारदा मंदिर मैहर
मध्यप्रदेश का सतना जिला प्रसिद्ध शक्तिपीठों में शामिल शारदा मंदिर के लिए जाना जाता है। इस तीर्थस्थल पर साल भर भक्तों की कतार लगी रहती है। ऊंची पहाड़ी पर स्थित ये मंदिर नए साल के रोमांचक आरंभ के लिए काफी अनुकूल है। आप मां शारदा के दर्शन कर नए साल की शुरुआत कर सकते हैं, तो साथ ही आस पास के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कर सकते हैं।
