VIDEO अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल लागू करने की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने किया न्यायिक कार्य का बहिष्कार, सीएम के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

भीलवाड़ा हलचल। जिला अभिभाषक संस्था ने गुरुवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया है। अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन दिया।
जिला अभिभाषक संस्था के अध्यक्ष राजेंद्रकुमार कचौलिया व महासचिव वेद प्रकाश पत्रिया ने बताया कि सम्पूर्ण राजस्थान अधिवक्ता समुदाय द्वारा लम्बे समय से राज्य सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन राज्य सरकार इस मांग को अनदेखा कर रही है। इससे सम्पूर्ण अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष है। जिला बार एसोसिएशन ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को लागू करने के सम्बन्ध में आज किसी भी प्रकार का कोई भी कार्य नही कर इसमें हो रही देरी के विरोध में अपना विरोध दर्ज करवाया।
कचौलिया का कहना है कि एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नही होने के कारण आये दिन घटना होती है और वकीलों को सुरक्षा नही मिल पाती है । इस कारण अधिवक्ताओं को कार्य करना मुश्किल हो रहा है तथा अधिवक्ता हित प्रभावित हो रहा है।
गुरुवार को इस मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देकर इसी सत्र में उक्त बिल को पास करने की कार्यवाही करें, ताकि अधिवक्ताओ के हितो की रक्षा हो सके।
कोटड़ी के अधिवक्ताओं ने भी सौंपा ज्ञापन
कोटड़ी बार एसोसिएशन ने प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने व गुलाबपुरा में 13 फरवरी को अधिवक्ता विश्वदीप सिंह के साथ न्यायालय परिसर में हुई मारपीट के संबंध में राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने एवं अधिवक्ता से मारपीट के आरोपी की गिरफ्तारी व पुलिस अधिकारियो के खिलाफ कार्रवाई करने तक न्यायिक कार्य को अनिश्चित कालीन स्थगन की बात कही गई। कोटड़ी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव प्रकाश भट्ट, दिनेश जोशी, वासुदेव पंचोली, मदन लाल व्यास, गोविन्द पुरोहित, दिनेश शर्मा, सत्यनारायण तेली, दिनेश जैन, इंद्रपाल सिंह , राजेश बालू लाल जोशी, विश्वाश वैष्णव, रामस्वरूप गुजर आचार्य, सांवर मल जोशी, मनमोहन शर्मा आदि अधिवक्ता उपस्थित थे।
