नाकाबंदी पॉइंट पर तेज रफ्तार कार ने पांच चौपहिया वाहनों को मारी टक्कर, कांस्टेबल सहित अन्य लोग हुए घायल

भीलवाड़ा बीएचएन। भीलवाड़ा अजमेर हाईवे पर सरस डेयरी के नजदीक स्थित सदर थाने के नाकाबंदी पॉइट पर बुधवार रात तेज रफ्तार कार ने 4 से 5 वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे मे एक कांस्टेबल के साथ ही वाहनों में सवार तीन से चार लोग भी घायल हो गए। कांस्टेबल को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जबकि बाकी घायलों के बारे में जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।

सदर थाने के सहायक उप निरीक्षक अनवर हुसैन के अनुसार सदर थाना पुलिस और पुलिस लाइन का जाब्ता बुधवार रात हाईवे पर सरस डेयरी के नजदीक नाकाबंदी पॉइंट पर बैरिकेट्स लगाकर नाकाबंदी कर रहे थे।

इसी दौरान भीलवाड़ा की ओर से एक तेज रफ्तार tiago कार आई जिसने नाकाबंदी पाइंट से धीमी गति से गुजर रही 4 से 5 गाड़ियों के साथ ही बैरिकेट्स को टक्कर मार दी। इस हादसे में उक्त कार चालक गाड़ी के एयर बैग खुल जाने से बच गया लेकिन एक कांस्टेबल और अन्य गाड़ियों में सवार तीन से चार लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने हाईवे से गुजर रहे निजी वाहनों से इन घायलों को अस्पताल भिजवाया । इनमें से घायल कांस्टेबल कुलदीप को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बाकी घायलों के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई।

हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा कर यातायात को सुचारू करवाया। बताया गया है कि टकराए वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए है। मौके पर बिखरा गाड़ियों का मलबा और टूटे हुए कांच इस हादसे की भयावहता को बयां कर रहे है।

Next Story