भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई ! लैपटॉप वाला 'अनपढ़' लुटेरा गिरफ्तार

70 वर्षीय बुजुर्ग के कान खींच कर लूटी थी सोने की मुरकियां

भीलवाड़ा BHN। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के ‘संपत्ति संबंधी अपराध मुक्त भीलवाड़ा’ अभियान के तहत शम्भूगढ़ थाना पुलिस ने एक ऐसी वारदात का पर्दाफाश किया है जिसने रूह कंपा दी थी। एक तरफ मासूमियत का चोला और दूसरी तरफ हैवानियत का चेहरा—पुलिस ने 10 संगीन मुकदमों के आदतन अपराधी सुरेश उर्फ प्रकाश गुर्जर को दबोच लिया है।

वारदात का खौफनाक मंजर: रूह कांप जाएगी सुनकर!

बीती 6 फरवरी को 70 साल के बुजुर्ग चतुर्भुज गुर्जर को क्या पता था कि मदद के बहाने काल उनके सामने खड़ा है। आरोपी ने 'लिफ्ट' देने के बहाने बुजुर्ग को अपनी बाइक पर बैठाया। सुनसान 'मीठी मगरी' के पास पहुँचते ही इस दरिंदे ने अपना असली रंग दिखाया। जब बुजुर्ग ने अपनी सोने की मुरकियां देने से मना किया, तो आरोपी ने आव देखा न ताव, कान की लोल ही चीर दी! खून से लथपथ बुजुर्ग को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी रफूचक्कर हो गया।

शातिर दिमाग: अनपढ़ होकर भी रखता था 'लैपटॉप'!

पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ है वह चौंकाने वाला है। आरोपी सुरेश इतना शातिर है कि वह पेंट-शर्ट पहनकर पास में लैपटॉप रखता था, ताकि राहगीर उसे कोई अधिकारी या पढ़ा-लिखा समझकर उस पर भरोसा कर लें।बुजुर्गों को मुफ्त शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगहों पर ले जाता था। वारदात के तुरंत बाद मोबाइल, बाइक और इलाका बदल लेना इसकी फितरत थी।

कैसे फंसा पुलिस के जाल में?

शम्भूगढ़ थानाधिकारी ओमप्रकाश कासनिया के नेतृत्व में गठित स्पेशल टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी जाल बुना।घटना स्थल के पास के तमाम कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मोबाइल टावर डेटा (BTS) का बारीकी से विश्लेषण किया गया। हुलिए और तकनीकी सबूतों के आधार पर पुलिस ने राजसमंद जिले के देवगढ़ थानाअतर्गत झांकरा कलेसरिया निवासी सुरेश उर्फ प्रकाश 27 पुत्र गोपी राम उर्फ गोपी लाल गुर्जर को धर दबोचा। मनोवैज्ञानिक पूछताछ के सामने शातिर अपराधी ने अपने सारे गुनाह उगल दिए।

ये थे टीम में शामिल

इस कार्रवाई में कांस्टेबल अमरचंद का विशेष योगदान रहा। टीम में ओमप्रकाश कासनिया (थानाधिकारी), सहायक उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ,कांस्टेबल धर्मेन्द्र, मनोहर लाल, भंवर लाल, दलीप सिंह, दशरथ सिंह, चेतनराम और हिन्दुलाल शामिल थे।

सावधान रहें, सुरक्षित रहें!

भीलवाड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट न लें और न ही उनके झांसे में आएं। अपराधी अब नए-नए भेष बदलकर आपको निशाना बना सकते हैं।


Next Story