कोलंबिया में सैन्य विमान हादसा, 110 सैनिक सवार; कारणों की जांच जारी

कोलंबिया में सैन्य विमान हादसा, 110 सैनिक सवार; कारणों की जांच जारी
X

बोगोटा। कोलंबिया में सोमवार को वायुसेना का एक सैन्य परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह हादसा दक्षिणी अमेज़न क्षेत्र में हुआ, जहां घने जंगलों के बीच विमान क्रैश हुआ। बताया जा रहा है कि विमान में 110 सैनिक सवार थे।





जानकारी के मुताबिक, लॉकहीड मार्टिन का सी-130 हरक्यूलिस विमान प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह स्थान पेरू सीमा के पास अमेज़न के दूरस्थ इलाके में स्थित है। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने बताया कि विमान सशस्त्र बलों के जवानों को लेकर जा रहा था।स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा एक शहरी क्षेत्र से महज तीन किलोमीटर दूरी पर हुआ। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अब तक मृतकों या घायलों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। घने जंगल और दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य में चुनौतियां सामने आ रही हैं।



गौरतलब है कि हाल ही में फरवरी के अंत में बोलिविया में भी सी-130 हरक्यूलिस विमान हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। उस घटना में खराब मौसम को संभावित कारण माना गया था।

फिलहाल कोलंबिया के इस हादसे को लेकर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है।

Next Story