सांसें अटका देने वाला बुधवार:: लाडपुरा में चारपाई के नीचे पालने में सोया मिला मासूम, शहर में भी घर से निकला बालक 2 घंटे बाद लौटा

भीलवाड़ा (बीएचएन)। जिले में बुधवार का दिन दो परिवारों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रहा। लाडपुरा और भीलवाड़ा शहर में दो मासूमों के लापता होने की खबरों ने पुलिस और परिजनों की धड़कनें बढ़ा दीं। गनीमत रही कि भारी मशक्कत और सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों ही बच्चे सुरक्षित मिल गए, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
केस 1: लाडपुरा में 'खोया' पोता घर के अंदर ही मिला
मांडलगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, लाडपुरा कस्बे में बुधवार दोपहर एक छह वर्षीय बालक घर में खेल रहा था। उस वक्त घर पर केवल उसकी दादी थी, जबकि मां मजदूरी पर और अन्य परिजन खेत गए थे। दादी घर के बाहर बैठी थी, तभी बालक उनकी आंखों से ओझल हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर मांडलगढ़ थाना प्रभारी घनश्यामसिंह मीणा व चौकी प्रभारी रामसिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और ढाई घंटे तक सघन सर्च अभियान चलाया। आखिर में जब पुलिस ने घर के अंदर एक चारपाई के नीचे रखे पालने को खींचकर बाहर निकाला, तो बालक कपड़ों के बीच गहरी नींद में सोया हुआ मिला। यह देखते ही परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
केस 2: प्रताप नगर में 2 घंटे तक लापता रहा मासूम
ऐसी ही एक अन्य घटना शहर के प्रताप नगर थाना इलाके में भी सामने आई। यहाँ भी एक मासूम बालक अचानक घर से निकल गया। परिजनों ने जब उसे आसपास नहीं पाया, तो उनके हाथ-पांव फूल गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और परिजन मिलकर बालक की तलाश में शहर की गलियों में जुट गए। करीब दो घंटे के तनावपूर्ण इंतजार के बाद बालक सकुशल वापस घर लौट आया, तब जाकर पुलिस प्रशासन और परिवार ने चैन की सांस ली।
