बारातियों की कार तालाब में गिरी, हादसे में 3 की मौत

विदिशा। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर सूखे तालाब में गिर गई। हादसे में 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई और 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया।-

टवेरा कार में सवार थे 10 लोग

जानकारी के अनुसार गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। रात के अंधेरे और तेज रफ्तार के चलते चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से सीधे 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी।

मौत और घायल

हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की मौत हो गई। 7 घायलों में से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें 45 वर्षीय भावसिंह लोधी, 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर भोपाल रेफर किया गया।

बाकी घायलों में अशोक लोधी (25) के बायां हाथ में फ्रैक्चर, राज बोधी (14) के पेट में गंभीर चोट, बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं।

रेस्क्यू में ग्रामीणों ने निभाई अहम भूमिका

स्थानीय लोगों के अनुसार यह हादसा शादी वाले घर से सिर्फ एक किलोमीटर दूर हुआ। आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की समीक्षा कर रही है।

Next Story