मंदिर में अफीम के नशे की महफिल सजाते 3 युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर डाली थी वीडियो

भीलवाड़ा (हलचल न्यूज़)। आस्था के केंद्र को नशे का अड्डा बनाने वाले तीन आरोपियों को बनेड़ा पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। ग्राम पंचायत बबराणा के भदेरियाश्याम भैरूनाथ मन्दिर परिसर में खुलेआम अफीम का सेवन करने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की हिमाकत इन आरोपियों को भारी पड़ गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से ही आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
शिवलिंग के पास सजी थी अफीम की महफिल
घटना मंगलवार दोपहर 3 से 4 बजे के बीच की है। पुलिस टीम को सूचना मिली कि मंदिर परिसर के अंदर कुछ लोग प्रतिबंधित मादक पदार्थ अफीम का सेवन कर रहे हैं। जब पुलिस ने मौके पर छापा मारा, तो वहां का दृश्य चौंकाने वाला था। आरोपियों ने शिवलिंग के पास ही अफीम घिसने का सामान फैला रखा था। मौके से एक छोटा लोटा, प्याली, पीतल का गिलास और अफीम घिसने वाली पारंपरिक लकड़ी बरामद की गई है।
सोशल मीडिया पर 'नशे का टशन' पड़ा महंगा
इन आरोपियों की हेकड़ी इस कदर बढ़ गई थी कि इन्होंने अफीम सेवन करते हुए फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। पुलिस ने इसे चुनौती के रूप में लिया और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/27 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये हुए गिरफ्तार
शंकर लाल गाडरी ( 30) पुत्र लालाराम गाडरी, गोपाल लाल 30 पुत्र रामेश्वर लाल सुथार और पोखरलाल 39 पुत्र कान्हा जाट तीनों निवासी बबराना पुलिस थाना बनेड़ा।
नशा बर्दाश्त नहीं
पुलिस का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थानों पर इस तरह की अनैतिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्त मोड में है। अफीम का सेवन और उसका सार्वजनिक प्रदर्शन कानूनन जुर्म है, जिसमें इन तीनों को अब जेल की हवा खानी पड़ रही है।
