भीलवाड़ा पुलिस का 'सुपर संडे: एक तरफ सड़कों पर सख्त पहरा, दूसरी तरफ 430 ठिकानों पर रेड कर दबोचे 247 अपराधी

एक तरफ सड़कों पर सख्त पहरा, दूसरी तरफ 430 ठिकानों पर रेड कर दबोचे 247 अपराधी
X

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में भीलवाड़ा पुलिस ने रविवार को जिले भर में कानून का खौफ कायम कर दिया है। पुलिस ने एक साथ दो मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई की—जहाँ एक ओर शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए कड़े कदम उठाए गए, वहीं दूसरी ओर 'एरिया डोमिनेशन' अभियान के तहत जिले भर के वांछित अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया गया।

अभियान: 103 टीमें, 430 ठिकाने और 247 गिरफ्तारियां


अपराधियों के सफाए के लिए एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में रविवार को जिले भर में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) पारस जैन के सुपरविजन में इस 'सर्जिकल स्ट्राइक' के लिए 103 विशेष टीमें बनाई गईं। इन टीमों में शामिल 453 पुलिसकर्मियों ने एक साथ 430 ठिकानों पर दबिश दी। इस मेगा ऑपरेशन के दौरान कुल 247 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 12 हार्डकोर व इनामी बदमाश, 66 स्थाई वारंटी और जघन्य अपराधों में वांछित 02 अपराधी शामिल हैं। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 01 किलो 300 ग्राम डोडा चूरा, 650 ग्राम गांजा और 172 ग्राम अफीम जब्त की। साथ ही आबकारी अधिनियम के तहत 09 मामले दर्ज कर 5205 लीटर अवैध शराब (वॉश) को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। शांति भंग करने वाले 159 असामाजिक तत्वों को भी धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।

यातायात नियम तोड़ने वाले 279 वाहनो के काटे चलान

रविवार को ही यातायात पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 279 वाहन चालकों के चालान काटे। इनमें ओवरस्पीड (111), क्षमता से अधिक सवारी (46), मोबाइल का प्रयोग (16) और काली फिल्म (14) जैसे मामले शामिल थे। वहीं, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 04 चालकों के खिलाफ धारा 185 एमवी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई कर उनके वाहन जब्त किए गए। इसके साथ ही पुलिस ने संभावित दुर्घटना स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) का निरीक्षण कर उन्हें सुधारने और अस्थाई अतिक्रमण हटवाने का काम भी तेज कर दिया है।

पुलिस की अपील और सख्त संदेश

जिला पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों (जैसे रेलवे स्टेशन, इंदिरा मार्केट, आजाद चौक आदि) पर ही खड़े करें। पुलिस का यह विशेष अभियान आने वाले दिनों में और भी कड़ा होगा ताकि भीलवाड़ा को अपराध मुक्त और सुरक्षित शहर बनाया जा सके।


Next Story