रेल हादसा टला: वर्धा के पास जीटी एक्सप्रेस के कोच में लगी आग, सतर्कता से बची यात्रियों की जान

Update: 2026-02-17 09:59 GMT

 वर्धा । महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। नई दिल्ली से चेन्नई (तांबरम) जा रही ट्रेन संख्या 12616 जीटी एक्सप्रेस (Grand Trunk Express) के एक कोच में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।

अचानक उठने लगा काला धुआं

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन सुबह नागपुर से रवाना हुई थी। सुबह करीब 11 बजकर 09 मिनट पर जब ट्रेन सिंदी रेलवे स्टेशन के पास पहुँची, तब ट्रेन के आखिरी गार्ड कोच से अचानक धुआं और लपटें उठती दिखाई दीं। धुआं देख यात्रियों और रेलवे स्टाफ में हड़कंप मच गया।

त्वरित कार्रवाई: कोच को किया गया अलग

मध्य रेलवे के प्रवक्ता संजय मुले ने बताया कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तुरंत सिंदी-तुलजापुर सेक्शन पर रोका गया। सुरक्षा के मद्देनजर आग लगे हुए कोच को तुरंत बाकी ट्रेन से काटकर अलग किया गया। दमकल विभाग ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया। प्रभावित कोच में मौजूद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

जांच के घेरे में आग की वजह

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। प्रभावित डिब्बे को अलग करने के बाद ट्रेन को शेष डिब्बों के साथ आगे के सफर के लिए रवाना करने की तैयारी की गई। रेलवे स्टाफ की त्वरित प्रतिक्रिया से एक बड़ी अनहोनी होने से बच गई।

Similar News