बिजौलिया पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’:: 24 घंटे में नशे के सौदागरों पर काल बनकर टूटी खाकी, 5 लग्जरी कारें और 34 लाख रुपए कीमत का डोडा चूरा जब्त, दो गिरफ्तार

24 घंटे में नशे के सौदागरों पर काल बनकर टूटी खाकी, 5 लग्जरी कारें और 34 लाख रुपए कीमत का डोडा चूरा जब्त, दो गिरफ्तार
X

​भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। जिले के बिजौलिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक सर्जिकल स्ट्राइक की है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश और थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में पुलिस ने मात्र 24 घंटों के भीतर 05 अलग-अलग कार्यवाहियों को अंजाम देकर तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 227.320 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 34 लाख रुपये आंकी जा रही है।

तस्करी के नए ट्रेंड का खुलासा: लग्जरी गाड़ियों से हो रही थी सप्लाई

​पुलिस ने इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त हो रही 05 लग्जरी कारों (पोलो, फ्रॉक्स, आई-20, वेन्यू और इग्निस) को भी जब्त किया है। तस्कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए इन महँगी गाड़ियों का इस्तेमाल कर रहे थे।

​24 घंटे का घटनाक्रम: कैसे दबोचे गए अपराधी

​पहली कार्रवाई

एनएच 27 केसरगंज कट पर नाकाबंदी के दौरान सफेद पोलो कार (RJ14CQ5700) से 45.640 किलो डोडा चूरा बरामद कर आरोपी मोहनलाल जाट को गिरफ्तार किया गया।

​दूसरी कार्रवाई

चम्पापुर सरहद में घेराबंदी कर फ्रॉक्स कार को रुकवाया गया, जिसमें से 43.740 किलो डोडा चूरा मिला। मौके से तस्कर जीतराम बैरवा को सलाखों के पीछे भेजा गया।

​तीसरी, चौथी व पांचवीं कार्रवाई:

पुलिस की दबिश के डर से तस्कर छोटी बिजौलिया और सलावटिया के पास अपनी आई-20 , वेन्यू और इग्निस कारें छोड़कर फरार हो गए। इन तीनों गाड़ियों से क्रमशः 46.440 किलो, 46.050 किलो और 45.450 किलो अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ।

इन जांबाज पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

​इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने वाली टीम में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के साथ सउनि नरेश कुमार (विशेष भूमिका), सउनि सुनिल बेनिवाल, राउनि लक्ष्मण सिह, सउनि गोपाल लाल, हैड कानि रामसिंह , और कांस्टेबल हेमाराम , नरेन्द्र, जितेन्द्र , राजवीर , विश्राम , मनोज , रणजीत व रविसिंह शामिल रहे।

​पुलिस की इस दहाड़ से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल गिरफ्तार 2 आरोपितों मोहनलाल पुत्र दयालराम जाट निवासी जैवलियों का बास थाना मोखमपुरा, जयपुर ग्रामीण और जीतराम पुत्र हरचंद बैरवा निवासी गागुंदा, थाना बानदर सिंदरी, अजमेर से गहन पूछताछ जारी है ताकि तस्करी के मुख्य सरगनाओं तक पहुँचा जा सके।

.

Next Story