तरुण खटीक को न्याय दिलाने के लिए बागोर में फूटा आक्रोश, सर्व समाज ने सौंपा ज्ञापन
बागोर (बरदीचंद जीनगर)। दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के त्यौहार के दौरान हुई तरुण खटीक की निर्मम हत्या के विरोध में आज बागोर कस्बा पूरी तरह आंदोलित नजर आया। दोषियों को कठोरतम सजा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सर्व समाज एवं विभिन्न धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
मंडल उपाध्यक्ष एवं पूर्व विश्व हिंदू परिषद अध्यक्ष हरिकिशन बसवाला ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने बाबा रामदेव मंदिर से एक विशाल वाहन रैली निकाली। यह रैली कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई करेड़ा चौराहे पहुंची, जहां आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर अपना विरोध प्रदर्शन किया।
ज्ञापन में की गई प्रमुख मांगें:
फास्ट ट्रैक कोर्ट: मामले की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन हो ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द मृत्युदंड (फांसी) की सजा मिल सके।
दोषियों की गिरफ्तारी: हत्याकांड में शामिल सभी मुख्य साजिशकर्ताओं और हमलावरों को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार किया जाए।
आर्थिक सहायता व नौकरी: मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
इस प्रदर्शन के दौरान बागोर के सभी धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और सर्व समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में तरुण खटीक के हत्यारों को फांसी देने की मांग बुलंद की।
