भीलवाड़ा: कांग्रेस का दो दिवसीय ‘सर्वोदय संकल्प शिविर’ शुरू, कार्यकर्ताओं को मिलेगी वैचारिक धार

भीलवाड़ा, । भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन (RGPRS) द्वारा आयोजित दो दिवसीय 'सर्वोदय संकल्प शिविर' के प्रथम दिन वैचारिक क्रांति और संगठनात्मक मजबूती पर गहन मंथन हुआ। शिविर में प्रदेशभर से आए जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने स्वराज, सर्वोदय और कांग्रेस की मूल विचारधारा पर विस्तार से संवाद किया।
दो विचारधाराओं का संघर्ष: डॉ. सी.बी. यादव
प्रथम सत्र में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.बी. यादव ने "दो विचारधाराओं का संघर्ष" विषय पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश में एक ओर सत्ता के केंद्रीकरण की प्रवृत्ति है, तो दूसरी ओर कांग्रेस की स्वराज और जनभागीदारी आधारित विचारधारा। यह संघर्ष केवल सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान को बचाने का है। डॉ. यादव ने जोर देकर कहा कि वास्तविक लोकतंत्र ग्राम सभा से शुरू होता है और महात्मा गांधी के 'ग्राम स्वराज' के सपने को पूरा करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करना अनिवार्य है।
गांव-गांव तक पहुंचाएं सर्वोदय की सोच: रामलाल जाट
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वैचारिक स्पष्टता ही संगठन की असली ताकत है। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने वाली 'सर्वोदय' सोच को जन-जन तक पहुंचाएं। आगामी पंचायत और निकाय चुनावों में संगठन की मजबूती ही प्राथमिकता होनी चाहिए।
जनता से हो 'चूल्हे का रिश्ता': श्याम पुरोहित
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिलाध्यक्ष श्यामलाल गुर्जर ने इस शिविर को वैचारिक पुनर्जागरण का मंच बताया। संगठन के महासचिव एवं प्रशिक्षक श्याम पुरोहित ने कार्यकर्ताओं की भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता का जनता से "चूल्हे का रिश्ता" होना चाहिए। इसका अर्थ है कि कार्यकर्ता केवल चुनाव में ही नहीं, बल्कि आमजन के सुख-दुख और रोजमर्रा की समस्याओं में उनके साथ मजबूती से खड़ा रहे।
दूसरे दिन बनेगी आगामी आंदोलनों की रणनीति
दिनभर चले सत्रों में प्रतिभागियों ने संवादात्मक शैली में अपने अनुभव साझा किए। शिविर के दूसरे दिन पार्टी के वरिष्ठ नेता सम्मिलित होंगे, जिसमें आगामी पंचायती राज चुनाव और मनरेगा आंदोलन को लेकर विशेष कार्ययोजना और रणनीति तैयार की जाएगी।
