बापूनगर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के सूने मकान पर धावा, 3 घंटे तक कोहराम मचाकर 50 लाख के जेवर-नकदी पार

बापूनगर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के सूने मकान पर धावा, 3 घंटे तक कोहराम मचाकर 50 लाख के जेवर-नकदी पार
X


​भीलवाड़ा। शहर के सुरक्षित माने जाने वाले बापूनगर क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नहर के पास रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर नवरतन सोनी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने करीब 3 घंटे तक पूरे घर को खंगाला और लगभग 50 लाख रुपए की कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी समेट ले गए। वारदात के समय पूरा परिवार दिल्ली गया हुआ था।


​दिल्ली में बेटी होने की खुशी में गया था परिवार

जानकारी के अनुसार, नवरतन सोनी दिल्ली में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। उनके बेटी होने की खुशी में पिता गोपाल सोनी और भाई सहित परिवार के सभी सदस्य चार दिन पहले दिल्ली गए थे। पीछे घर सूना पाकर सोमवार रात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने रोशनदान का सरिया मोड़कर गेस्ट रूम और अन्य कमरों में प्रवेश किया।

​तिजोरी और अलमारियां तोड़ खंगाला कोना-कोना

चोरों ने घर में इत्मीनान से करीब 3 घंटे बिताए। इस दौरान अलमारियों और तिजोरी के ताले तोड़कर सामान बिखेर दिया। मंगलवार रात जब परिवार भीलवाड़ा पहुंचा, तो घर के हालात देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, चोर 30 तोला सोना, एक किलोग्राम से अधिक चांदी के गहने, चांदी के सिक्के व बर्तन ले उड़े। साथ ही 3 लाख रुपए नकद भी चोरी हुए हैं, जिनमें 40 हजार रुपए की नई नोटों की गड्डियां शामिल थीं।

​पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस

पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देख गोपाल सोनी को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को इत्तला दी गई। प्रतापनगर थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस गश्त पर उठे सवाल, लोगों में आक्रोश

स्थानीय बाशिंदों का कहना है कि प्रताप नगर थाने का अधिकांश इलाका नवसृजित गांधी नगर थाने में चले जाने के बावजूद क्षेत्र में प्रभावी गश्त नहीं हो पा रही है। पुलिस की इसी सुस्ती के कारण बेखौफ बदमाश आए दिन बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

Next Story