भीलवाड़ा । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 27 अक्टूबर 2025 को जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण, 2026 कार्यक्रम घोषित किया गया था। विशेष गहन पुनरिक्षण कार्यक्रम में 4 नवंबर से 11 दिसंबर तक गणना चरण के दौरान सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रहण का कार्य सम्पन्न किया गया।
गहन पुनरीक्षण कार्य प्रारम्भ होने से पूर्व जिले की 07 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 19,21,127 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। विधानसभा क्षेत्रों में गणना चरण के दौरान कुल 17,52,930 मतदाताओं द्वारा अपने गणना प्रपत्र भरकर जमा करवा दिए गए जिनका नाम 16 दिसंबर 2025 को जारी प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित कर दिया गया है।
गणना चरण के दौरान 4 नवंबर से 11 दिसंबर तक जिले की समस्त 07 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केन्द्र पर बीएलओ द्वारा राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेण्ट के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिसमें बूथ क्षेत्र में अप्राप्त गणना प्रपत्रों की सूची मय उनके कारण बीएलओ द्वारा बूथ लेवल एजेण्ट को उपलब्ध कराई गई, जिससे वे इस सूची का अवलोकन कर गणना प्रपत्रों की अप्राप्ति का कारण जान सकें तथा इस संबंध में यदि आवश्यक हो तो, सुधारात्मक कार्यवाही कर सकें। इस हेतु इन अप्राप्त गणना प्रपत्रों की सूची मय कारण जिले की वेबसाइट bhilwara.rajasthan.gov.in पर भी उपलब्ध कराई गई है।
गणना चरण के दौरान कुल 1,68,197 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अप्राप्त रहे, जिनकी सूची मुख्य निर्वाचन अध्िकारी, राजस्थान की वेबसाईट www.election.rajasthan.gov.in एवं जिले की वेबसाइट bhilwara.rajasthan.gov.in पर Accessible format में उपलब्ध है।
अप्राप्त गणना प्रपत्रों में 35778 मृत मतदाता, 87872 स्थायी रूप से स्थानान्तरित मतदाता, 33796 अनुपस्थित मतदाता, 10105 मतदाता सूची में एकाधिक स्थान पर पंजीकृत मतदाता तथा 706 अन्य मतदाता हैं। यह सूची मतदान केन्द्र, ग्राम पंचायत मुख्यालय, नगरीय निकाय कार्यालय में भी चस्पा की गई, ताकि यह आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध हो सके।
आमजन अपना फॉर्म-6 ऑनलाइन वोटर हैल्पलाइन ऐप अथवा वोटर सर्विस पोर्टल पर भी भर सकते है अथवा बीएलओ को भी फॉर्म-6 मय घोषणा पत्र भरकर दे सकते है। जो व्यक्ति दिनांक 01 अप्रेल, 2026, 1 जुलाई, 2026 अथवा 1 अक्टूबर, 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहें हों, वे भी अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 एवं निर्धारित घोषणा पत्र भरकर अग्रिम आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिले की समस्त 07 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा हेतु 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का भी पुर्नगठन किया गया। पूर्व में जिले में 1915 मतदान केन्द्र थे, जिनका पुनर्गठन/सुव्यवस्थिकरण कर 283 नवीन मतदान केन्द्र सृजित हुए है और वर्तमान में जिले/विधानसभा क्षेत्र में 2198 मतदान केन्द्र हो गये है। इस प्रकार जिले की किसी भी विधानसभा क्षेत्र में 1200 से अधिक मतदाताओं वाला कोई भी मतदान केन्द्र शेष नहीं है।
आयोग द्वारा प्रसारित कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 16 दिसंबर से 15 जनवरी 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किये जाएंगे। इस अवधि में प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित मतदाताओं के संबंध में अथवा अन्यथा भी मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती है।
इसके पश्चात आयोग द्वारा निर्धारित दिनांक 14 फरवरी 2026 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया जाएगा।
