भाविप राजस्थान मध्य प्रांत ने पर्यावरण संरक्षण में समर्पित सदस्यों को किया सम्मानित
भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत ने वर्ष 2024-25 के दौरान पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अपने कर्मठ सदस्यों को विशेष रूप से सम्मानित किया। परिषद ने इस वर्ष 104 पर्यावरण मित्रों, 21 पर्यावरण सखियों और 80 पर्यावरण दंपतियों को उनके अमूल्य योगदान के लिए "पर्यावरण दंपति" की उपाधि से अलंकृत किया। प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने इस अवसर पर कहा कि परिषद के ये सदस्य पर्यावरण के प्रति गहरी निष्ठा और समर्पण का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि इन सदस्यों ने न केवल व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया है, बल्कि उन पौधों का निरंतर संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया है। उनकी सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र में हरियाली बढ़ी है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण मदद मिली है। प्रांतीय सचिव आनंद सिंह राठौड़ ने सम्मानित सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि परिषद इन सदस्यों के अटूट संकल्प और सतत प्रयासों को नमन करती है।क्षेत्रीय पर्यावरण गतिविधि संयोजक दिलीप पारीक ने बताया कि इन पर्यावरण प्रेमियों ने व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण जागरूकता रैलियां शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन सदस्यों का नवीन वृक्षारोपण करने और पहले से लगे वृक्षों का संरक्षण करने का संकल्प मानव कल्याण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रशंसनीय है। सम्मानित सदस्यों के अथक प्रयासों के कारण आज क्षेत्र में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ी है और अधिक से अधिक लोग पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझने लगे हैं। भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत इन सभी सदस्यों के अमूल्य योगदान को हृदय से धन्यवाद देता है और उम्मीद करता है कि वे भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में संलग्न रहेंगे।