विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस: उपभोक्ता अधिकार समिति ने दिया जागरूकता का संदेश



भीलवाड़ा। विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर उपभोक्ता अधिकार समिति भीलवाड़ा द्वारा उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर समिति के केंद्रीय अध्यक्ष सुनील राठी, केंद्रीय सचिव प्रहलाद राय व्यास एवं केंद्रीय महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष और पूर्व सभापति मधु जाजू ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी बाजार में उपभोक्ताओं का सतर्क और जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, तभी वे अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं।

युवा जिला अध्यक्ष अंकित सोमानी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा बाजार में पारदर्शिता और ईमानदारी को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी वस्तु की खरीदारी करते समय उसकी गुणवत्ता, मूल्य और बिल की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।

महिला जिलाध्यक्ष अर्चना दुबे ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद प्राप्त करने का अधिकार, सही जानकारी पाने का अधिकार, अपनी शिकायत दर्ज कराने का अधिकार तथा उचित समाधान प्राप्त करने का अधिकार प्राप्त है। यदि किसी उपभोक्ता के साथ अन्याय होता है तो वह उपभोक्ता फोरम या संबंधित विभाग में शिकायत कर न्याय प्राप्त कर सकता है।

केंद्रीय मानवाधिकार प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ अशोक सोडाणी ने आमजन से अपील की कि वे खरीदारी करते समय हमेशा पक्का बिल लें, उत्पाद की गुणवत्ता और मापदंडों की जांच करें तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।

इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही सशक्त उपभोक्ता होता है और समाज में उपभोक्ताओं की जागरूकता से ही निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था को बढ़ावा मिलता है।

इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष अशोक सोमानी, चेतन मानसिहका, पवन अग्रवाल, युवा महामंत्री हार्दिक सोनी, युवा कोषाध्यक्ष त्रिदेव मूंदड़ा, उपाध्यक्ष हर्ष राठी, राहुल सोमानी, प्रवक्ता अशीष शाह, संगठन मंत्री वैभव बाहेती, सचिन काबरा, सुधीर अजमेरा ने उपभोक्ता अधिकार दिवस की सभी आमजन को बधाई दी।

Next Story