भीलवाड़ा - गुरूद्वारा साहिब सिन्धुनगर में प्रबंधक कमेटी एवं समूह संगत की मीटिंग में प्रकाश पर्व के विभिन्न आयोजन तय किए गए। अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह सोनी ने बताया कि आगमन प्रकाश पर्व की खुशी में 24 दिसंबर से 3 जनवरी तक प्रतिदिन प्रातः 5.30 बजे गुरुद्वारा साहिब सिन्धु नगर से प्रभात फेरी निकलेगी, जिसमें संगत गुरबाणी कीर्तन करते हुए साथ चलेगी।
गुरूद्वारा सचिव ऋषिपाल सिंह ने बताया कि इस अवसर पर 3 जनवरी दोपहर 2 बजे गुरूद्वारा साहिब सिन्धुनगर से विशाल नगर कीर्तन (शोभायात्रा) निकाला जाएगा। नगर कीर्तन में पांच प्यारों की अगुवाई में गुरू ग्रंथ साहिब महाराज की सवारी भी होगी। संगत गुरबाणी कीर्तन करते हुए और सेवा का संदेश देते हुए साथ चलेगी।
नगर कीर्तन सिन्धुनगर में आरंभ होकर सिटी कोतवाली, नगर परिषद्, मुरली विलास रोड़, स्टेशन चौराहा, स्टेशन रोड़, बालाजी मार्केट, सूचना केन्द्र चौराहा, भोपाल क्लब से से सिंघल हॉस्पिटल, महावीर पार्क से शाम 6 बजे तक पुनः गुरूद्वारा साहिब पहुंचेगा। 3 जनवरी प्रातः अखंड पाठ साहिब की आरंभता होगी, 4 जनवरी - गुरूद्वारा साहिब में साफ-सफाई की सेवा एवं लंगर तैयार करने की सेवा की जाएगी।
कोषाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने बताया कि 5 जनवरी - प्रकाश पर्व पर प्रातः 05.30 बजे से आसा की वार के कीर्तन एवं लंगर तैयार करने की सेवा आरंभ होगी। ज्ञानी करनैल सिंह और ज्ञानी सुखबीर सिंह गुरबाणी कीर्तन द्वारा संगत को निहाल करेंगे।
इस अवसर पर लुधियाना से कीर्तनी जत्था, भाई अमनदीप सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे एवं संगत को गुरबाणी कीर्तन द्वारा निहाल करेगें। दोपहर 12.30 बजे से गुरू का लंगर अटूट वितरित होगा। दोपहर 2 बजे सामूहिक अरदास के उपरान्त दीवान की समाप्ति होगी।
मांडल तहसील में स्थित गुरुद्वारा कलगीधर बागौर साहिब में प्रकाश पर्व रविवार 11 जनवरी को हर्षाैल्लास से मनाया जाएगा।
गुरूद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सभी धर्मप्रेमी बन्धुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की विनती की है।
