रोड लाइट नहीं होने के कारण मंडोल गांव बना चोरों का आसान निशाना, रात में मचा हड़कंप
रायपुर। सूत्रों के अनुसार रायपुर थाना क्षेत्र के मंडोल ग्राम में रोड लाइट नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। अंधेरे का फायदा उठाते हुए बीती रात अज्ञात चोरों ने गांव में जमकर आतंक मचाया और ग्रामीणों में दहशत फैला दी।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से गांव की सड़क लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात होते ही पूरा क्षेत्र घने अंधेरे में डूब जाता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात संदिग्ध गतिविधियां की और कई स्थानों पर वारदात करने की कोशिश की। घटना के बाद ग्रामीणों की नींद उड़ गई और पूरे गांव में भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि रोड लाइट चालू करवाने को लेकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन समस्या का समाधान आज तक नहीं हुआ। गांववासियों का कहना है कि यदि समय रहते रोड लाइट व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो चोरी जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द रोड लाइट चालू करवाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कब तक मंडोल गांव अंधेरे में डूबा रहेगा और कब प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ठोस कदम उठाएगा।