हरियाणा इलेक्शन के बीच खूब हुई इस जलेबी की चर्चा

By :  vijay
Update: 2024-10-08 14:14 GMT

 हरियाणा की राजनीति में इस बार गोहाना की जलेबी खास तौर पर चर्चित रही। चुनावी अभियान के दौरान राहुल गांधी के बयान से चर्चा में आई जलेबी नतीजों के दिन भी सुर्खियों में रही। यहां तक की मुख्यमंत्री और दिग्गज भाजपा नेता भी जलेबी तलते देखे जा चुके हैं। खास बात यह भी है कि जलेबी का इतिहास भारत से जुड़ा नहीं है। जानिए हरियाणा की चुनावी सरगर्मियों के बीच गोहानी की जलेबी से जुड़ी दिलचस्प बातें

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं। सुबह के कुछ घंटों तक राज्य में कांग्रेस पार्टी ने रूझानों में बढ़त बनाए रखी थी, लेकिन करीब एक घंटे में अचानक रूझानों में बड़ा उलटफेर दिखा और भाजपा आगे निकल गई। इसके बाद भाजपा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और रूझानों की बढ़त को कायम रखते हुए राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया।

सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा गैर-चुनावी शब्द 'जलेबी'

सुबह से लेकर दोपहर तक के घटनाक्रम के बीच में सोशल मीडिया पर जो शब्द सबसे ज्यादा ट्रेंड कर रहा था, वो गैर-चुनावी शब्द थी 'जलेबी'। दरअसल चुनावी प्रचार के दौरान हरियाणा कांग्रेस के नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने राहुल गांधी को मातूराम की जलेबी भेंट की, जो राहुल गांधी की तरफ से उनके जीवन के 54 वर्षों में खाई गई 'सबसे अच्छी जलेबी' निकली। हालांकि राहुल गांधी यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि ये जलेबी हर किसी को मिलनी चाहिए। इसके लिए जलेबी को फैक्ट्री में बनाना चाहिए और इसका उत्पादन औद्योगिक स्तर पर किया जाना चाहिए। फिर क्या था, राज्य के चुनावी रण में जलेबी एक राजनीतिक मामला बन गई।


राहुल गांधी का जलेबी की फैक्ट्री वाला बयान

राहुल गांधी ने हरियाणा में न अपने जीवन की सबसे अच्छी जलेबी खाई, बल्कि उन्होंने हरियाणा में जलेबी की फैक्ट्री लगाने की बात तक कह डाली थी। राहुल गांधी ने बाद में कहा, मैंने कार में जलेबी का स्वाद लिया और अपनी बहन प्रियंका को संदेश भेजा कि आज मैंने अपने जीवन की सबसे अच्छी जलेबी खाई है। मैं आपके लिए भी जलेबी का एक डिब्बा लेकर आ रहा हूं। उन्होंने बताया कि उन्होंने हरियाणा कांग्रेस के नेताओं से कहा है कि गोहाना की जलेबी भारत और दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचनी चाहिए। राहुल ने कहा, अगर यह जलेबी देश-विदेश में जाएगी तो शायद उनकी दुकान फैक्ट्री में बदल जाएगी और हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। हरियाणा चुनाव के नतीजों से तीन दिन पहले ही राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने स्वादिष्ट मातूराम की जलेबी के बारे में चर्चा की थी और बताया था कि इसे अन्य व्यवसायों के साथ पूरे भारत में कैसे फैलाया जाना चाहिए।

Similar News