नशे में धुत विदेशी सैलानी ने होटल के बाहर गला काटकर आत्महत्या की कोशिश

Update: 2026-02-12 13:30 GMT

 नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में एक होटल के बाहर तुर्कमेनिस्तान से आए 29 वर्षीय सैलानी ने गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस की तत्परता से युवक की जान बचा ली गई और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार जेयहुन नामक युवक 20 जनवरी से 10 फरवरी 2026 तक पहाड़गंज स्थित व्हाइट ग्लो होटल में ठहरा हुआ था। 11 फरवरी को वह दोबारा होटल पहुंचा। होटल स्टाफ का कहना है कि युवक नशे में था और बिना भुगतान किए कमरा मांग रहा था। कर्मचारियों ने कमरा देने से मना किया तो वह गुस्से में आ गया।

आरोप है कि इसी दौरान युवक ने अपनी जेब से धारदार हथियार निकाला और होटल के बाहर ही अपने गले पर वार कर लिया। खून बहता देख होटल कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस और बीट स्टाफ मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ युवक को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि काफी खून बह जाने के कारण युवक की हालत बिगड़ रही थी, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बच गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में उसके नशे में होने की पुष्टि की है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Similar News