AAP नेता की गोली मारकर हत्या:सिर-सीने पर 6 गोलियां मारीं

Update: 2026-02-06 06:20 GMT

जालंधर। पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबरॉय की 6 फरवरी की सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे 52 साल के थे। स्कूटी पर आए हमलावरों ने उन्हें 6 गोलियां मारीं। 5 सीने में और एक गोली सिर पर लगी।

लक्की ओबेरॉय मॉडल टाउन इलाके में गुरुद्वारे में माथा टेकने आए थे। जैसे ही वे गुरुद्वारे से निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठने लगे तो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

परिजन गंभीर हालत में उन्हें मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार को विश्वास नहीं हुआ तो वे उन्हें शहर के श्रीराम अस्पताल लेकर गए। यहां भी उन्हें मृत बताया गया।

एडीसीपी जयंत परी ने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। CCTV खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उनकी टारगेट किलिंग का शक है।

ओबेरॉय आम आदमी पार्टी (AAP) से जालंधर कैंट विधानसभा सीट के हलका इंचार्ज थे। हमलावरों की CCTV फुटेज सामने आई है। वहीं शेरू ग्रुप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मर्डर की जिम्मेदारी ली है।

Tags:    

Similar News