ऋतु वसंत’ उत्सव शुक्रवार से, शिल्पग्राम में बिखरेंगे शास्त्रीय गायन और नृत्य के विभिन्न रंग

Update: 2026-02-19 10:21 GMT

उदयपुर। पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से शुक्रवार से शिल्पग्राम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ‘ऋतु वसंत‘ कार्यक्रम में देश-विदेश में ख्यातनाम क्लासिकल गायकों और नृत्यांगनाओं की प्रस्तुतियां शास्त्रीय संगीत व नृत्य के रसिकों को मंत्र मुग्ध करेंगी। यह उत्सव 22 फरवरी तक चलेगा। इसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि उत्सव का आगाज जहां चेतन जोशी के बांसुरी वादन और गौरी दिवाकर के कथक से होगा, वहीं दूसरे दिन शनिवार को गुलजार हुसैन व मोहम्मद उमर वायलिन-दिलरुबा की मोहक जुगलबंदी पेश करेंगे। साथ ही, कविता द्विबेदी का ओडिसी नृत्य होगा। उन्होंने बताया कि अंतिम दिन रविवार को शिल्पग्राम में किराना घराने के डॉ. जयतीर्थ मेवुंडी अपने गायन से शाम को सुरमई बनाएंगे। हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले प्रख्यात शास्त्रीय गायक मेवुंडी प्रसिद्ध किराना घराने के प्रमुख स्तंभों में शुमार हैं। बता दें, स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने स्वयं उनकी गायकी की सराहना करते हुए उन्हें अपनी रिकॉर्डिंग कंपनी के लिए गाने का आमंत्रण दिया था। वहीं, प्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान ने भी एक साक्षात्कार में कहा कि “जयतीर्थ मेवुंडी की आवाज बिजली जैसी ऊर्जा से भरी है, जो किसी को भी मंत्रमुग्ध कर सकती है।” आज डॉ. मेवुंडी भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।

‘नृत्य प्रवाह’ में होगा विभिन्न क्लासिकल डांस का संगम-

केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि उत्सव के अंतिम दिन दिल्ली के प्रसिद्ध कोरियोग्राफर संतोष नायर के निर्देशन में शास्त्रीय नृत्य प्रेमियों के दिलों को छू लेने वाली प्रस्तुति ‘नृत्य प्रवाह’ विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। यह एक जीवंत और भावपूर्ण प्रस्तुति है, जो भारत की समृद्ध और विविध शास्त्रीय नृत्य परंपराओं का महासंगम है। इसमें भरत नाट्यम, ओडिसी, कथक, मोहिनी अट्‌टम और मणिपुरी रास जैसे क्लासिकंल डांस का प्रदर्शन क्लासिकल नृत्य प्रेमियों को रिझाएगा। इसमें सहायक कोरियोग्राफर विष्णुप्रिया मरार होंगी तथा प्रकाश व्यवस्था श्रीराम सांखला की होगी।

Tags:    

Similar News