युवा महोत्सव से जीवंत होगी मेवाड़ की कला-संस्कृति जिला कलक्टर ने ली राजस्थान युवा महोत्सव की तैयारी बैठक

युवा महोत्सव से जीवंत होगी मेवाड़ की कला-संस्कृति जिला कलक्टर ने ली राजस्थान युवा महोत्सव की तैयारी बैठक
X

उदयपुर, । राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से प्रस्तावित राजस्थान युवा महोत्सव को लेकर उदयपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला कलक्टर ताराचंद मीणा ने ब्लॉक व जिला स्तरीय आयोजनों के लिए कमेटियां गठित कर दायित्व सौंपते हुए कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कलक्टर ने मंगलवार को आयोजन से जुडे़ सभी विभागों, संस्थानों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियां को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की विलुप्त होती कलाओं को पुनर्जीवित करने तथा युवा प्रतिभाओं को तलाश कर उन्हें प्रोत्साहित करने की मंशा से यह आयोजन कर रही है। सरकार की भावना के अनुरूप उदयपुर जिले में भी पूर्ण गरिमा के साथ भव्य रूप से यह आयोजन किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक युवा प्रतिभाओं को अपनी कला के प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रभा गौतम ने युवा महोत्सव को लेकर राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से जारी गाइड-लाइन की विस्तृत जानकारी दी। जिला कलक्टर मीणा ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को अवगत कराने, राजकीय व निजी महाविद्यालयों में सांस्कृतिक समिति के माध्यम से छात्र-छात्राओं तक जानकारी पहुंचा कर पंजीयन कराने, नेहरू युवा केंद्र, स्काउट-गाइड संघ, राष्ट्रीय सेवा योजना, खेल विभाग आदि के माध्यम से भी युवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला परिषद सलौनी खेमका, राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से महोत्सव को लेकर नियुक्त समन्वयक भैरूलाल गायरी, उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, उपनिदेशक सामाजिक न्याय मांधातासिंह, सीओ स्काउट सुरेंद्र पाण्डे, सीओ गाइड विजयलक्ष्मी वर्मा, एनएसएस के प्रेमशंकर श्रीमाली, जिला युवा अधिकारी शुभम् पूर्बिया सहित शिक्षा विभाग, कॉलेज शिक्षा, खेल विभाग आदि के अधिकारी-प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Next Story