शहर में वारदात- प्याऊ संचालिका को फोन का लालच देकर गहने ले उड़ी अनजान महिला

भीलवाड़ा बीएचएन। शहर में एक बार फिर चोर-बदमाशों का गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह ने गुरुवार को प्याऊ चलाने वाली एक महिला को मोबाइल फोन दिलाने का झांसा देकर उसके गहने उड़ा लिये। वारदात की रिपोर्ट महिला के बेटे ने पुलिस को दी है।

तिलकनगर निवासी अजय सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी मां सांगानेरी गेट पर प्याऊ चलाती है। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे एक अनजान महिला प्याऊ पर पहुंची। इस महिला ने प्याऊ संचालक महिला से कहा कि मेरे साथ चलो आपका फोटो खिंचवाओ आपको मुफ्त में फोन मिलेगा। साथ ही अनजान महिला ने उसे यह भी कहा कि कानों में पहने टॉप्स उतार दो, अगर ये टॉप्स फोटो में दिखे तो फोन नहीं मिलेगा। इसके चलते प्याऊ संचालिका इस अनजान महिला के झांसे में आ गई और अपने कानों में पहने टॉप्स उतार कर उस अनजान महिला को दे दिये। इसके बाद यह अनजान महिला गहने लेकर रफूचक्कर हो गई। महिला ने आपबीती अपने बेटे को बताई। इसके बाद बेटे अजय ने पुलिस को यह रिपोर्ट दी। पुलिस अब सीसी टीवी फुटेज खंगालकर उक्त अनजान महिला की तलाश में जुटी है।

Next Story