आधी रात को चाकूबाजी,: होटल संचालक व साथी पर किया हमला, तीनों हमलावर फरार, पुलिस तलाश में जुटी

भीलवाड़ा बीएचएन। भीलवाड़ा बाइपास पर पांसल सरहद में राजपूताना किंग्स होटल के संचालक व साथी के साथ तीन युवकों ने मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर मौके से फरार हो गये। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुर थाना पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी।
पुर थाने के एएसआई ताराचंद यादव के अनुसार, पांसल निवासी रतन सिंह पुत्र देवी सिंह ने थाने में रिपोर्ट दी। रतन सिंह की पांसल तालाब के पास राजपूताना किंग्स नाम से होटल है। बीती रात 10 से 11 बजे के बीच जवाहर नगर निवासी कुणाल सिंह व उसके दो अन्य साथियों ने होटल पर खाना खाया। इस दौरान होटल संचालक रतन सिंह, आजाद नगर निवासी अपने साथी भोमसिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह काउंटर पर बातचीत कर रहे थे। कुणाल व उसके दोनों साथियों ने परिवादी के साथ गाली-गलौच व मारपीट शुरु कर दी। भोमसिंह ने बीच-बचाव किया तो आरोपितों ने चाकू निकाल लिया और परिवादी रतन सिंह पर हमला किया, जिससे कंधे पर चोट आई। वहीं भौमसिंह की पीठ में चाकू लगा। हमले के बाद आरोपितों ने गंभीर मारपीट की, जिससे परिवादी व उसके साथी भौम सिंह को चोटें आई। हमलावर मौके से फरार हो गये। लोगों ने घायल रतन सिंह व भौम सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने रतन सिंह की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरु कर दी।
