एकतरफा प्यार में युवक ने महिला के हाथ में गोली मार खुद को उड़ाया

भरतपुर . मथुरा गेट थाना इलाके के नवाब वाली गली में एकतरफा प्यार के चलते एक युवक ने महिला के हाथ में और खुद की कनपटी में गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला को आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महिला के परिजनों का कहना है कि मृतक युवक, महिला को 4 साल से परेशान कर रहा था। कई बार पुलिस में शिकायत भी की। लेकिन, वह पुलिस से छूटकर आता और फिर से परेशान करता था। घटना बुधवार सुबह 10 बजे की है।
42 साल की महिला ने बताया कि उसकी देवरानी (35) घर पर अकेली थी। महिला का पति और उसका देवर मोबाइल की दुकान करते हैं जो दुकान पर थे। रामबाबू उसके पड़ोस में रहता था। आज वह पड़ोसियों के घर से कूदकर हमारे घर पर आया। आते ही उसने महिला का गला दबाने की कोशिश की, जब महिला ने उसका विरोध किया तो रामबाबू ने कट्टा निकालकर उसके हाथ में गोली मार दी।
महिला भागते हुए नीचे आई और देवरानी को घटना के बारे में बताया। जिसके बाद महिला की देवरानी ने अपने पति को फोन कर घटना की जानकारी दी । इतने में महिला के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। महिला का देवर घर पहुंचा और अपनी भाभी के कमरे में जाकर देखा तो रामबाबू का शव महिला के कमरे में पड़ा था। पास में हथियार भी था।
महिला के देवर ने तुरंत अपने भाई को बुलाया और महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। महिला के देवर ने पुलिस को भी घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और रामबाबू के शव को आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। फिलहाल रामबाबू के शव को आरबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। महिला का इलाज आरबीएम अस्पताल में जारी है।
एसपी बोले-मामले की जांच जारी
एसपी दिगंत आनंद का कहना है कि मथुरा गेट थाना इलाके में रामबाबू नाम के व्यक्ति ने एक महिला के घर में जाकर महिला पर फायर किया। बाद में खुद के कनपटी पर गोली मार ली। रामबाबू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के कारणों का कुछ पता नहीं लग पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
