कमलेश हत्याकांड-: रणवीर की निशानदेही से कत्ल में काम लिया चाकू बरामद, वारदातस्थल की करवाई तस्दीक

रणवीर की निशानदेही से कत्ल में काम लिया चाकू बरामद, वारदातस्थल की करवाई तस्दीक
X

भीलवाड़ा BHN सोशल मीडिया पर कमेंट को लेकर उपजे विवाद में फायनेंसकर्मी दोस्त कमलेश सुथार की निर्मम हत्या के आरोपित रणवीरसिंह उर्फ बबलु सिसोदिया की निशानदेही से सदर थाना पुलिस ने कत्ल में काम लिया चाकू, वारदात के समय पहने कपड़े बरामद कर लिये। साथ ही वारदातस्थल की तस्दीक भी करवाई है। आरोपित को गुरुवार को रिमांड खत्म होने पर अदालत में पेश किया जायेगा।

सदर थाना प्रभारी कैलाशकुमार विश्नौई ने बताया कि आजाद नगर निवासी और फाइनेंस कंपनी में कार्यरत कमलेश सुथार की शनिवार रात ओम नगर में गला काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के इस मामले में सोमवार को पुलिस ने ओम नगर निवासी रणवीर सिंह उर्फ बबलू सिसोदिया को गिरफ्तार किया था। रणवीर सिंह को मंगलवार को अदालत में पेश कर दो दिन रिमांड पर लिया गया। आज पुलिस ने आरोपित रणवीर की निशानदेही से कत्ल में काम लिया चाकू, वारदात के समय उसके द्वारा पहने कपड़े बरामद कर लिये। इसके अलावा आरोपित से कत्ल स्थल की मौका तस्दीक भी आरोपित से करवाई है।

कत्ल के बाद तालाब के पास फैंका था चाकू

अपने ही घर में दोस्त कमलेश सुथार की गला रेत कर हत्या करने के आरोपित से सदर थाना पुलिस ने गहन पूछताछ की है। इस दौरान आरोपित ने कबूल किया कि कमलेश के कत्ल के दौरान वह भी चोटिल हो गया था। इसके चलते वह इलाज के लिए सुवाणा अस्पताल गया, जहां अस्पताल में प्रवेश से पहले उसने दोस्त की हत्या में काम लिया चाकू अस्पताल के नजदीक तालाब के पास फैंक दिया था। उसकी निशानदेही पर आज यह चाकू रिकवर कर लिया गया।

सुबह तक दोस्त थे, देर शाम किया कत्ल, ये थी बड़ी वजह

थाना प्रभारी विश्नौई ने बताया कि कमलेश सुथार और आरोपित रणवीर सिंह सिसोदिया शनिवार की सुबह तक आपस में गहरे दोस्त थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट दोस्ती में दरार बन गई। आरोपित ने कबूल किया कि उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की थी, जिसमें उसने मजाक में लिखा था कि उसे कमलेश सुथार और नारायण ने ही शराब पिलाना सिखाया था। इस पोस्ट के बाद कमलेश ने रणवीर को फोन कर इस पोस्ट से बदनामी होने की बात कहकर, दुबारा पोस्ट नहीं करने के लिए कहा। इसके बाद यह पोस्ट उसने डिलीट भी कर दी। आरोपित ने कबूल किया कि इसके बाद उसकी मां को कमलेश ने इस पोस्ट को लेकर फोन कर दिया था। इसके बाद ही दोस्ती में दरार आ गई और मामला कत्ल तक जा पहुंचा।

Next Story