शिक्षक का रिश्तेदार पड़ौसी के घर में घुसा, महिला से की छेड़छाड़, ग्रामीणों ने धुनाई कर आरोपित को पुलिस को सौंपा

भीलवाड़ा बीएचएन। शिक्षक के पास एक पखवाड़े से रह रहा रिश्तेदार बीती रात एक पड़ौसी के घर में जा घुसा और महिला से छेड़छाड़ कर दी। हल्ला मचने पर ग्रामीण व परिजनों की नींद खुल गई। लोगों ने आरोपित को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपित को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
बड़लियास पुलिस ने बताया कि थाना सर्किल में एक शिक्षक रह रहा है। उसके पास करीब पन्द्रह दिन पहले उसी का रिश्तेदार पेथला, करोली निवासी केशव सिंह 35 पुत्र फतेह गुर्जर आया हुआ था। रात को शिक्षक सो गया। इसके बाद केशव सिंह पड़ौस के ही एक मकान में जा घुसा और वहां सो रही महिला से छेड़छाड़ कर दी। महिला के चिल्लाने पर परिजनों की नींद खुल गई। आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंच गये। लोगों ने केशव को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी और इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और केशव को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को पीडि़त पक्ष की रिपोर्ट पर आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण भी दर्ज कर लिया गया।
