ब्वॉयफ्रेंड मर्डर केस की मुख्य आरोपी ‘पूर्व महामंडलेश्वर’ पूजा शकुन पांडेय गिरफ्तार

अलीगढ़ पुलिस ने टीवीएस बाइक शोरूम के मालिक अभिषेक गुप्ता हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता पूर्व महामंडलेश्वर डॉ. अन्नपूर्णा भारती उर्फ पूजा शकुन पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। पूजा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसे राजस्थान के भरतपुर जिले में जयपुर हाईवे पर एक बस से पकड़ा।

26 सितंबर की रात हुई थी अभिषेक की हत्या

हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव कचौरा निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गुप्ता ने 25 अगस्त को अलीगढ़ के खैर में टीवीएस बाइक शोरूम खोला था। 26 सितंबर की रात वह पिता नीरज गुप्ता और चचेरे भाई जीतू के साथ शोरूम बंद कर गांव लौट रहे थे।

करीब रात 9:30 बजे वे खेरेश्वर मंदिर चौराहे पर पहुंचे। नीरज और जीतू बस में चढ़ चुके थे, अभिषेक जैसे ही बस में चढ़ने लगे — तभी पीछे से बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगते ही अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या में निकला प्रेम प्रसंग का एंगल

पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक और पूजा शकुन पांडेय के बीच नजदीकियां थीं। लेकिन बाद में संबंध बिगड़ने के बाद पूजा ने अपने पति अशोक पांडेय के साथ मिलकर अभिषेक की हत्या की साजिश रची।

पिता नीरज गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। जांच में सबसे पहले पूजा के पति को हिरासत में लिया गया और जेल भेजा गया।

3 लाख रुपये में दी गई सुपारी

1 अक्टूबर को पुलिस ने सुपारी किलर मोहम्मद फजल (निवासी गोंडा रोड नींवरी) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि लगभग डेढ़ महीने पहले उसकी पूजा शकुन पांडेय और अशोक पांडेय से मुलाकात हुई थी। दोनों ने अभिषेक की फोटो दिखाकर 3 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी और 1 लाख रुपये एडवांस में दिए।

3 अक्टूबर को दूसरा शूटर भी गिरफ्तार

3 अक्टूबर को पुलिस ने सर्विलांस और इंटेलिजेंस टीम की मदद से आसिफ को दिल्ली-कानपुर हाइवे के पास एक गांव से गिरफ्तार किया। वह उत्तर प्रदेश से भागने की फिराक में था। पूछताछ में आसिफ ने स्वीकार किया कि उसने ही तमंचे से अभिषेक को गोली मारी थी।

16 दिन बाद मुख्य साजिशकर्ता चढ़ी हत्थे

अभिषेक गुप्ता हत्याकांड के 16 दिन बाद अलीगढ़ पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर हाईवे पर बस से पूजा शकुन पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ NBW वारंट भी जारी कर रखा था।

अब पति-पत्नी समेत तीन गिरफ्तार, जांच जारी

इस हाई-प्रोफाइल केस में अब तक पूजा शकुन पांडेय, उसके पति अशोक पांडेय, सुपारी किलर मोहम्मद फजल और शूटर आसिफ को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य कड़ियों की गहन जांच कर रही है और इस केस में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

Next Story