पायलट को अचानक फायर इंडिकेशन अलार्म मिला- एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ से पहले रोकी

इंदौर। देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट से मुबंई के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया फ्लाइट AI-2750 टेकऑफ से पहले ही रनवे पर रोक दी गई। फ्लाइट में सवार 163 यात्री करीब पांच घंटे तक विमान में ही फंसे रहे।

जानकारी के अनुसार, पायलट को अचानक फायर इंडिकेशन अलार्म मिला। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने फ्लाइट को वहीं रोकने के निर्देश दिए। फ्लाइट शाम 7:50 बजे उड़ान भरने वाली थी, लेकिन तकनीकी कारणों और जांच के बाद यह रात 11:41 बजे ही मुंबई के लिए उड़ान भर सकी।

यात्रियों ने बताया कि एयरपोर्ट पर इस देरी और फ्लाइट रुकने के कारणों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। फ्लाइट के लेट होने के दौरान यात्रियों को किसी तरह का अपडेट नहीं मिला। एक यात्री ने इस मामले की जानकारी सिविल एविएशन मंत्रालय के डीजी फैज अहमद किदवई को भी दी, लेकिन स्थिति काफी देर तक वैसी ही बनी रही।

इस घटना से यात्रियों में असंतोष और नाराजगी देखने को मिली। फ्लाइट ऑपरेशंस और यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को समय पर स्पष्ट जानकारी देने की आवश्यकता जताई जा रही है।

Next Story