जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य शोभायात्रा, भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श अपनाने का आह्वान

जनजातीय गौरव दिवस पर भव्य शोभायात्रा, भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श अपनाने का आह्वान
X


भीलवाड़ा. भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देशभर में आयोजित हो रहे जनजातीय गौरव समारोहों की श्रृंखला में भीलवाड़ा में भी विविध कार्यक्रम हुए। डूंगरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह और गुजरात में प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय कार्यक्रम का संदेश वीसी के माध्यम से सुना गया। इस अवसर पर कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया गया।

नगर निगम सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम

नगर निगम सभागार में हुए कार्यक्रम में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ‘आदि हाट’ और ‘एक जिला एक उत्पाद’ की स्टॉल्स का निरीक्षण कर राजीविका समूह की महिलाओं को प्रोत्साहित किया। इसके बाद जिला प्रशासन, जिला परिषद और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला प्रमुख बरजी देवी, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, एडीएम सिटी प्रतिभा देवठिया, जिला परिषद सीईओ चंद्रभान सिंह भाटी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में जनजातीय परंपराओं, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

नई पीढ़ी को प्रेरणा देने की जरूरत



रामगोपाल सुथार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आत्मनिर्भरता, संघर्ष और समाज सेवा का प्रतीक है। नई पीढ़ी को इन जननायकों की गौरव गाथाओं से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्श वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने की प्रेरणा देते हैं।

कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी कल्याण की प्रेरणा देने वाला दिवस है। सभी को मिलकर जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।




कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को पूर्णता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सीईओ जिला परिषद चंद्रभान सिंह भाटी ने आभार जताया।

कलेक्ट्रेट से नगर निगम तक निकाली शोभायात्रा




कार्यक्रम से पूर्व सुबह जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय से रेलवे स्टेशन होते हुए नगर निगम टाउनहॉल तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में जनजातीय संस्कृति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले महानायकों का स्मरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

Next Story