दोस्ती के जाल में फंसा फार्मासिस्ट, ब्रेनवॉश कर कराया धर्म परिवर्तन और फंसा साइबर फ्रॉड में

दोस्ती के जाल में फंसा फार्मासिस्ट, ब्रेनवॉश कर कराया धर्म परिवर्तन और फंसा साइबर फ्रॉड में
X

बरेली UP. विशारतगंज क्षेत्र में धर्म परिवर्तन और साइबर फ्रॉड का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 7 के निवासी फार्मासिस्ट अम्बरीष गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि मेडिकल शॉप पर आने वाले एक युवक ने दोस्ती के नाम पर उसे अपने जाल में फंसाया। धीरे-धीरे उसे ब्रेनवॉश कर धर्म परिवर्तन कराया गया और मुंबई ले जाकर उसके नाम पर 14 बैंक खाते खुलवाए गए। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड के लिए किया गया। पीड़ित ने एसएसपी अनुराग आर्य से न्याय की गुहार लगाई है।

मास्टरमाइंड का तरीका

अम्बरीष के अनुसार 2023 में उन्होंने शहबाजपुर में मेडिकल स्टोर किराए पर लिया। दुकान पर अक्सर मकान मालिक के भतीजे समीर पुत्र नसीर अहमद आते रहे। बातचीत बढ़ने के बाद समीर और उसके परिवार ने हिंदू धर्म के खिलाफ बातें की और अम्बरीष को इस्लाम अपनाने के लिए प्रेरित किया।

धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया

कुछ महीनों बाद अम्बरीष को मस्जिद ले जाकर कलमा पढ़वाया गया और उसका नाम बदलकर रजा रख दिया गया। वह जुम्मा की नमाज भी पढ़ने लगा। धीरे-धीरे समीर का परिवार उसके माइंड को प्रभावित करता रहा और उसने पूजा-पाठ तक छोड़ दिया।

मुंबई में बैंक खाते और साइबर फ्रॉड

धर्म परिवर्तन के बाद उसे समीर के दोस्त साहिल से मिलवाया गया और कहा गया कि मुंबई में ऑनलाइन बिजनेस से कमाई होगी। इसके बाद गैंग उसे मुंबई ले गया, जहां आसिफ खान और अनस कुरैशी ने उसके नाम पर 14 बैंक खाते खुलवाए और एक्सेस अपने पास रख लिया। इन खातों से हुए साइबर फ्रॉड में जुलाई में पश्चिम बंगाल पुलिस ने अम्बरीष को गिरफ्तार किया। वह तीन महीने जेल में रहा और बाद में जमानत पर छूटा।

एसएसपी ने लिया संज्ञान

बरेली लौटने पर अम्बरीष ने एसएसपी को शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने समीर और इमरान (महक कम्यूनिकेशन संचालक) को गिरफ्तार किया। पीड़ित का आरोप है कि केस विशारतगंज थाने में कुछ पुलिसकर्मियों ने आरोपियों से पैसे लेकर मामले को हल्का करने की कोशिश की।

गिरोह पर गंभीर आरोप

अम्बरीष ने दावा किया कि यह एक संगठित गिरोह है, जो लोगों को मानसिक रूप से प्रभावित कर धर्म परिवर्तन कराता है और साइबर अपराधों में मोहरा बनाता है। अम्बरीष ने कहा कि अब वह अपने मूल धर्म में लौट आया है और चाहता है कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए।


Next Story