छह वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान ने की पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश, पुलिस ने पैर में गोली मारी

रायसेन MPजिले में छह वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को पुलिस ने गुरुवार रात भोपाल से पकड़ा था। मगर वापस ले जाते समय उसने पुलिसकर्मियों पर हमला करने का प्रयास किया। आरोपी ने सब इंस्पेक्टर की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की जिस पर पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और उसके पैर में गोली मारी। घायल आरोपी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना रात में भोजपुर के पास हुई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार के अनुसार आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर गौहरगंज लाया जा रहा था। रास्ते में औबेदुल्लागंज के जंगलों के पास पुलिस की गाड़ी पंक्चर हो गई। रात करीब तीन से चार बजे आरोपी को दूसरी गाड़ी में बैठाया जा रहा था तभी उसने अचानक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और फायर करने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने के लिए जवाबी गोली चलाई जो उसके पैर में लगी।
एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि भोपाल के गांधीनगर क्षेत्र से गिरफ्तारी के बाद सलमान को रायसेन लाया जा रहा था। गाड़ी खराब होने की स्थिति में आरोपी ने मौका पाकर हथियार छीना और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसे घायल कर पकड़ लिया गया। एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुआ।
सब इंस्पेक्टर सुनील सिंह के अनुसार जब आरोपी को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया जा रहा था तभी उसने पिस्टल छीनकर पुलिस पर निशाना साधने की कोशिश की। क्रॉसफायरिंग में आरोपी के पैर में चोट आई और उसे काबू कर लिया गया।
