बड़ी लापरवाही- हथकड़ी लगे तीन लूट आरोपी फरार – दो पकड़े गए

मैहर, मध्य प्रदेश। नवगठित मैहर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। लूट मामले में कोर्ट पेशी से लौट रहे तीन आरोपी पुलिस की आंखों के सामने हथकड़ी समेत फरार हो गए। पुलिसकर्मी जिस सरकारी वाहन में उन्हें ले जा रहे थे, उसी वाहन में हवा डलवाने में व्यस्त रहे और इसी दौरान आरोपी मौके से भाग निकले। घटना सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
घटना न्यायालय से पेशी पूरी कर वापस लौटते समय हुई। पुलिसकर्मी वाहन पर ध्यान देते रह गए, जबकि हथकड़ी लगे आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। यह लापरवाही अब विभाग के लिए बड़ी शर्मिंदगी का कारण बन गई है।
दो आरोपी पकड़े गए, एक अब भी गायब
सूत्रों के अनुसार तीन में से दो फरार आरोपियों को पुलिस ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया है। हालांकि एक आरोपी अब भी फरार है और उसकी तलाश के लिए जिले की सीमाओं पर कड़ी नाकेबंदी कर दी गई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।
पति-पत्नी से की थी लूट
यह वही मामला है जिसमें मोटरसाइकिल से जा रहे पति-पत्नी के साथ रास्ते में लूट की वारदात हुई थी। मैहर पुलिस ने इस प्रकरण का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस पूरे जिले में सर्च ऑपरेशन चलाकर आखिरी फरार आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
