कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत की पौत्रवधू ने ससुराल पर गंभीर आरोप लगाए, दहेज उत्पीड़न व जानलेवा हमले की शिकायत

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत की पौत्रवधू ने ससुराल पर गंभीर आरोप लगाए, दहेज उत्पीड़न व जानलेवा हमले की शिकायत
X


रतलाम। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत के परिवार से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। मंगलवार को रतलाम एसपी कार्यालय पहुंचकर आलोट के पूर्व भाजपा विधायक जितेंद्र गेहलोत के पुत्र देवेंद्र की पत्नी और राज्यपाल की पौत्रवधू दिव्या गेहलोत ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने के प्रयास जैसे गंभीर आरोप लगाए।

50 लाख की मांग नहीं मानी तो छत से धक्का देने का आरोप

दिव्या ने अपनी शिकायत में कहा कि उसके पति देवेंद्र गेहलोत, ससुर जितेंद्र गेहलोत, देवर विशाल गेहलोत और दादी सास अनिता गेहलोत (पत्नी थावरचंद गेहलोत) कई वर्षों से उस पर लगातार दबाव बना रहे थे।

उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से 50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी, और रकम नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा एक बार उसे छत से धक्का देने की कोशिश भी की गई।

बेटी को भी बनाया दबाव का साधन

दिव्या ने बताया कि उसकी चार वर्षीय बेटी को भी परिवारवालों ने उससे छीनकर अपने पास रखा हुआ है। यह सब उस पर आर्थिक दबाव बनाने के लिए किया गया।

हाल ही में जब वह अपनी बेटी से मिलने ससुराल और स्कूल पहुंची तो ससुराल पक्ष ने उसे बच्ची से मिलने तक नहीं दिया।

मानसिक उत्पीड़न और घर से निकालने के भी आरोप

शिकायत में दिव्या ने कहा कि उसे कई बार घर से बाहर निकाल दिया गया। लगातार गाली-गलौज, धमकियाँ और मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी स्थिति खराब हो गई है। उसने पुलिस से पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोप गंभीर हैं और सभी बिंदुओं पर विस्तृत रूप से जांच की जाएगी।


Tags

Next Story