बरेली में हर्ष फायरिंग ने बरात को बनाया खौफनाक हादसा, युवक की मौत

बरेली UP.सिरौली थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी में रविवार की रात अबरार उर्फ मंगली की बेटी की शादी की बरात पर खौफनाक हमला हुआ। बस से उतरते ही कुछ युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच बराती रिजवान के माथे में गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे बरेली रेफर किया गया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई।

बस से उतरते ही हुई गोलीबारी, आरोपी फरार

जानकारी के अनुसार बरात थाना सुभाषनगर के गांव सिठौरा से आई थी। रात करीब नौ बजे जैसे ही लोग बस से उतर रहे थे, कुछ युवकों ने हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। रिजवान सड़क किनारे खड़ा था कि उसके माथे में गोली जा लगी। गोली चलाने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए।

शादी का माहौल बदला मातम में, ग्रामीण दहशत में

बारात का पूरा माहौल गमगीन हो गया। दूल्हा-दुल्हन के सपने और खुशी के बीच साथी की मौत ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे रस्में पूरी कराई। ग्रामीणों में डर का माहौल है कि हर्ष फायरिंग कब तक बरातों में खौफ फैलाती रहेगी।

पुलिस की जांच, सीसीटीवी फुटेज से पहचान के प्रयास

सिरौली इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि रिजवान की मौत हर्ष फायरिंग से हुई। आरोपी की तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से हत्यारों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Next Story