लव मैरिज से नाराज जेठ का दरांती से नाक काटा

बाड़मेर। प्रेम विवाह से नाराज लड़की के परिवार ने उसके जेठ पर हमला कर उसकी नाक काट दी। इसके बाद लड़की के ससुराल वालों ने बदले में उसके चाचा का पैर तोड़ दिया।
घटना गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के जीवाणियों की ढाणी में बुधवार शाम 7:30 बजे हुई। घायल उक सिंह का इलाज सांचौर में और धर्म सिंह का इलाज जोधपुर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जीवाणियों की ढाणी निवासी श्रवण सिंह (25) ने ढाई साल पहले पड़ोस में रहने वाली लड़की से शादी की थी। इसके बाद लड़के और लड़की के परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया। लड़के के बड़े भाई उक सिंह (35) और लड़की के चाचा धर्म सिंह (50) के परिवार में झगड़े बढ़ते गए।
शादी से नाराज लड़की के घरवालों ने बुधवार शाम मौका पाते ही उक सिंह पर हमला किया और उसकी नाक काट दी। उक सिंह गंभीर हालत में अपने घर पहुंचे। परिवार को यह पता चलते ही उन्होंने लड़की के घर जाकर धर्म सिंह पर हमला किया और उसके पैर तोड़ दिए।
घायलों को गुड़ामालानी हॉस्पिटल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उक सिंह को सांचौर रेफर किया गया, जबकि धर्म सिंह को जोधपुर रेफर किया गया। श्रवण सिंह और उनका परिवार वर्तमान में गुजरात में रह रहा है।
पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मामले दर्ज किए गए हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
