नए साल की शुरुआत में सोना और चांदी सस्ते, सर्राफा बाजार में दिखी नरमी

नई दिल्ली। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही सर्राफा बाजार में हल्की नरमी दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा है, जिससे सोना और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। देश के प्रमुख शहरों में आज कारोबार की शुरुआत कमजोर भाव के साथ हुई।
सोने की कीमतों की बात करें तो 1 जनवरी को आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट सोना 1 लाख 34 हजार 880 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार करता नजर आया। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इसका दाम थोड़ा ज्यादा रहा, जहां 24 कैरेट सोना 1 लाख 35 हजार 30 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिकता दिखा। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मांग में आई सुस्ती का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ा है।
चांदी की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है। आज चांदी का भाव घटकर 2 लाख 38 हजार 900 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है। हालांकि, लंबी अवधि के निवेश के लिहाज से चांदी का प्रदर्शन मजबूत रहा है। बीते एक साल में चांदी की कीमतों में करीब 170 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई है। इसी अवधि में सोने ने लगभग 70 प्रतिशत और तांबे ने 35 से 40 प्रतिशत तक का रिटर्न निवेशकों को दिया है।
प्रमुख शहरों में सोने के भाव लगभग एक जैसे बने हुए हैं। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 1 लाख 35 हजार 30 रुपये और 22 कैरेट सोना 1 लाख 23 हजार 790 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। मुंबई में 24 कैरेट सोने का भाव 1 लाख 34 हजार 880 रुपये और 22 कैरेट सोना 1 लाख 23 हजार 640 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
कोलकाता, चेन्नई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों में भी सोने की कीमतें लगभग इसी स्तर पर बनी हुई हैं। इन शहरों में 24 कैरेट सोना 1 लाख 34 हजार 880 रुपये और 22 कैरेट सोना 1 लाख 23 हजार 640 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर कारोबार कर रहा है। सर्राफा बाजार से जुड़े लोगों का कहना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय संकेतों के आधार पर कीमतों में उतार चढ़ाव बना रह सकता है।
