दिल्ली में आधी रात चला बुलडोजर, फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास गिराए अवैध निर्माण

दिल्ली में आधी रात चला बुलडोजर,  फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास गिराए अवैध निर्माण
X

दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद नगर निगम ने तुर्कमान गेट क्षेत्र में फैज ए इलाही मस्जिद के आसपास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह अभियान रामलीला मैदान के नजदीक चलाया गया, जहां अवैध रूप से बने ढांचों और कब्जों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। किसी भी तरह की अव्यवस्था या विरोध की आशंका को देखते हुए पूरे क्षेत्र को नौ अलग अलग जोन में बांटा गया। प्रत्येक जोन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई थी, ताकि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा सके।

एमसीडी अधिकारियों के अनुसार यह अभियान अदालत के आदेश के अनुपालन में चलाया गया और इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध निर्माणों को हटाना था। कार्रवाई से पहले स्थानीय प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया गया, ताकि प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पूरी कार्रवाई नियंत्रित माहौल में संपन्न हुई। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Story