अस्पताल में महिला कर्मी के साथ छेड़छाड़, ठेका कर्मचारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन

जयपुर। जेके लोन अस्पताल में रात के समय एक महिला ठेका कर्मी के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि वार्ड में तैनात नर्सिंग कर्मचारी विजय मीणा ने रात करीब 2 से 3 बजे के बीच महिला कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किया।

घटना के बाद ठेका कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल के मुख्य गेट पर धरना देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे अकेला पाकर छेड़छाड़ करने की कोशिश की, जिसके बाद उसने तुरंत अन्य कर्मियों को सूचना दी।

अस्पताल प्रशासन ने प्रारंभिक जांच शुरू की है, लेकिन कर्मचारियों का गुस्सा कम नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में महिला कर्मचारियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। ठेका कर्मचारियों का धरना जारी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

Next Story