बीगोद में बनास नदी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,: दो डंपर और एक एलएनटी मशीन जब्त , पांच गिरफ्तार

भीलवाड़ा BHN. जिले के बीगोद थाना क्षेत्र में बनास नदी के किनारे अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने देर रात सख्त कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो डंपर और एक एलएनटी मशीन जब्त की, वहीं पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बरुखेड़ा क्षेत्र से गुजर रही बनास नदी में रात के अंधेरे में बजरी का अवैध खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर बीगोद थाने से दीवान सतपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि भारी वाहन और मशीनें बजरी निकालने और ढोने में लगी हुई थीं।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो डंपर और एक एलएनटी मशीन को जब्त कर लिया। साथ ही सांडगांव निवासी सत्यनारायण पुत्र धन्ना बैरवा, सेवनी निवासी हीरालाल पुत्र रामलाल गुर्जर, भैंरू पुत्र माधो गुर्जर, मोटरों का झोंपड़ा निवासी देवा पुत्र शंकर गुर्जर और मुकनपुरिया निवासी दिनेश पुत्र रामेश्वर धाकड़ को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। सभी के खिलाफ अवैध खनन और परिवहन से जुड़े प्रावधानों में प्रकरण दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
