पत्नी की बेरहमी से हत्या कर पति ने की आत्महत्या

बीकानेर। बीकानेर जिले के लूणकरनसर क्षेत्र के कालवास गांव में शक और घरेलू तनाव ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। पत्नी के चरित्र पर संदेह में अंधे हुए पति ने पहले उसकी बेरहमी से हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह खौफनाक वारदात तब सामने आई जब घर से उठती सड़ांध ने पूरे गांव को दहला दिया।
जानकारी के अनुसार कालवास गांव निवासी धनपत बावरी ने अपनी पत्नी जीतो देवी उम्र करीब 55 वर्ष की हत्या कर दी। हत्या के बाद वह सामान्य जिंदगी जीता रहा और बाद में घर के दूसरे कमरे में फंदा लगाकर झूल गया। महिला का शव आंगन में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या एक से दो दिन पहले की गई थी।
घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को अनहोनी का शक हुआ। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दृश्य देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए। एक तरफ महिला का सड़ा हुआ शव और दूसरी ओर पति का फंदे पर लटका शरीर, जिसने पूरे गांव में सनसनी फैला दी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि धनपत बावरी लंबे समय से अपनी पत्नी पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। उसके दो बेटे हैं, जो अलग अलग स्थानों पर रहते हैं। आशंका है कि शक, गुस्सा और मानसिक तनाव ने मिलकर इस खौफनाक अपराध को जन्म दिया।
पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से मौके से सबूत जुटाए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, हालांकि शुरुआती तौर पर इसे पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
