भीलवाड़ा में बड़ी चोरी: -शिवाजी मार्ग पर चोरों ने मकान को बनाया निशाना, लाखों रुपये और आभूषण पर किया हाथ साफ

भीलवाड़ा बीएचएन। शहर में चोरी की घटनाएं आम जनता के लिए लगातार सिरदर्द बनती जा रही हैं। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के विजय सिंह पथिक नगर स्थित मकान से चोरों ने लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मकान के मालिक विनोद कुमार अजमेरा ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि 3 जनवरी की रात चोरी हुई। चोरों ने उनके मकान से 3,50,000 रुपये नकद, सोने की 4 गिन्नियां, अंगूठी, 15 ग्राम सोने का सिक्का, 10-12 ग्राम के 14 चांदी के सिक्के, 3 चांदी के पेन, 3 चांदी के नोट, 100 ग्राम चांदी के कड़े, सोने की 3 तोला की चैन और 2 तोला मंगलसूत्र समेत अन्य कीमती आभूषण ले उड़े।
पुलिस की लापरवाही पर सवाल
अजमेरा ने शिकायत में आरोप लगाया कि बताया कि इतनी बड़ी चोरी के बावजूद सुभाषनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की । मामले की शिकायत मिलने पर जिला पुलिस अधीक्षक ने पुलिस को आदेश दिये। ये आदेश मिलने के बाद 20 जनवरी को प्रकरण दर्ज किया गया।
शहर में बढ़ती चोरी की घटनाएं
यह कोई पहली घटना नहीं है। दो दिन पहले ही भीमगंज थाना क्षेत्र में सुंदरम रिसोर्ट के सामने एक सेनेट्री शॉप में सेंध लगाई गई और लाखों रुपये का सामान व लैपटॉप चोरी हो गया। लगातार बढ़ती चोरी और पुलिस की धीमी कार्रवाई ने शहर में डर और असुरक्षा की लहर दौड़ा दी है। जानकारों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हो रही है, और यदि पुलिस तेजी से कार्रवाई नहीं करती तो अपराधियों का हौसला और बढ़ेगा।
आमजन की सुरक्षा खतरे में
शहर में लगातार बढ़ते अपराध और पुलिस की सुस्ती और ढिलाई ने आम जनता में गहरी चिंता पैदा कर दी है। लोग शिकायत करते हैं कि छोटे-मोटे मामलों को तो पुलिस तुरंत दिखावा कर देती है, लेकिन बड़ी चोरी और सेंधमारी की घटनाओं में कार्रवाई में काफी अंतर दिखाई देता है।
