प्रेम के नाम पर हत्याकांड:: भाईयों ने बहन और प्रेमी को बेरहमी से मार डाला, नदी किनारे दफनाया

मुरादाबाद। यूपी के मुरादाबाद से एक हैरान कर देने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव में प्रेम संबंधों के चलते एक युवती काजल और उसके प्रेमी अरमान की बहादुरी से हत्या कर दी गई और शवों को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफनाया गया।

जानकारी के मुताबिक, काजल और अरमान पिछले दो साल से एक-दूसरे से प्यार करते थे। काजल प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी और पढ़ाई भी करती थी। रविवार की रात अरमान मिलने काजल के घर आया, लेकिन काजल के दो भाइयों ने दोनों को पकड़ लिया। गुस्से में आकर भाइयों ने पहले अरमान और फिर काजल को फावड़े से बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को सबूत मिटाने के लिए गांव से दूर गागन नदी के किनारे, नीम करोली बाबा आश्रम के पास गड्ढा खोदकर दफनाया।

तीन दिन तक दोनों लापता रहे। इस दौरान अरमान के परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने काजल के भाइयों पर शक कर सख्त पूछताछ की। आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे से दोनों शव बरामद किए।

मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि यह घटना प्रेम संबंध के कारण हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत का सटीक कारण पता चले।

घटना के बाद गांव में दो समुदायों के बीच तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने भारी बल और पीएसी तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी है। इस दर्दनाक घटना ने समाज में ऑनर किलिंग जैसी कुरीतियों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story