दस वर्षीय बालक की रहस्यमयी मौत, मोबाइल गेम खेलते समय कमरे में मिला अचेत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

भरतपुर। जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जिरौली गांव में रहने वाले दस साल के मासूम बच्चे शिवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर में खेलते खेलते अचानक हुई इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। परिवार के लोग बरामदे में बैठे थे, जबकि शिवा पास के कमरे में मोबाइल पर गेम खेल रहा था। कुछ ही देर बाद जब परिजन कमरे में पहुंचे तो बच्चा बेड पर बेसुध हालत में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार घटना देर शाम की है। शिवा एक कमरे में अकेले मोबाइल गेम में व्यस्त था। उसके पिता रवि शंकर, मां, बड़ा भाई सूर्यांश और बड़ी बहन जिया घर के बरामदे में बैठकर बातचीत कर रहे थे। करीब आधे घंटे बाद रवि शंकर जब कमरे में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शिवा बेड पर पड़ा हुआ था और उसके गले में स्वाफी का फंदा लगा हुआ था। घबराए पिता ने उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई तो वे तुरंत बच्चे को लेकर आरबीएम अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से शव घर लाए जाने के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया। परिजनों ने किसी तरह की कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई और पोस्टमार्टम भी नहीं करवाया। देर रात ही कांपते हाथों से पिता ने बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया। गांव में घटना के बाद से शोक की लहर है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर खेलते खेलते ऐसा क्या हुआ कि मासूम की जान चली गई।
परिवार के लोगों का कहना है कि उन्हें अब तक यह समझ नहीं आ रहा कि शिवा की मौत कैसे हुई। अचानक हुई इस त्रासदी ने माता पिता और भाई बहन को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में मातम पसरा है और रिश्तेदारों व ग्रामीणों का तांता लगा हुआ है।
