राजस्थान में पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा बदलाव: अब बैलेट पेपर से चुनी जाएंगी गांव की सरकार

जयपुर| राजस्थान में इस बार पंचायती राज चुनावों की तस्वीर बदली-बदली नजर आएगी। प्रदेश में पिछले तीन चुनावों से चली आ रही EVM की परंपरा को तोड़ते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने बड़ा निर्णय लिया है। इस बार पंच और सरपंचों का चुनाव बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए करवाया जाएगा। केवल जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए ही EVM का इस्तेमाल होगा।
कलेक्टरों को तैयारी के निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला कलेक्टरों को गाइडलाइन भेजकर बैलेट बॉक्स की मरम्मत, ऑयलिंग और ग्रीसिंग का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि कहीं जिला परिषद या पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में EVM कम पड़ती है, तो वहां भी बैलेट बॉक्स का उपयोग किया जा सकता है।
मध्यप्रदेश से आएंगी EVM
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग ने राजस्थान के कोटे की EVM आवंटित कर दी है। इसके अलावा मध्यप्रदेश से भी मशीनें मंगवाई जा रही हैं। फरवरी माह में BEL और ECIL के इंजीनियर इन मशीनों की तकनीकी जांच (FLC) पूरी करेंगे।
वोटर लिस्ट का गणित
आधार तिथि: 31 दिसंबर 2025 की वोटर लिस्ट को अपडेट किया जा रहा है।
फाइनल प्रकाशन: 25 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
खास बात: सूची प्रकाशन के बाद भी पात्र मतदाता अपने नाम जुड़वा सकेंगे।
पंचायती राज चुनाव, ग्रामीण राजनीति और क्षेत्र की कानून व्यवस्था से जुड़ी हर बड़ी और ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें भीलवाड़ा हलचल के साथ। समाचार भेजें 9829041455 पर।
