चार दिन बंद रहेंगे बैंक, एसबीआई ने जारी किया अलर्ट, ग्राहकों को पहले ही निपटाने की सलाह

बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी जरूरी सूचना सामने आई है। शनिवार से लेकर अगले चार दिनों तक देशभर में बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। छुट्टियों और प्रस्तावित बैंक हड़ताल के चलते लगातार चार दिन बैंक बंद रहने वाले हैं। इसको लेकर भारतीय स्टेट बैंक ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपने ग्राहकों को सतर्क किया है।
एसबीआई ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर देर रात नोटिस जारी कर बताया कि बैंक यूनियनों ने 26 जनवरी की आधी रात के बाद से 27 जनवरी तक हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक ने यह भी कहा कि सामान्य सेवाएं बनाए रखने के प्रयास किए जाएंगे, लेकिन हड़ताल की वजह से शाखाओं में लेनदेन प्रभावित हो सकता है।
जानकारी के अनुसार 24 जनवरी को चौथे शनिवार के कारण बैंक बंद रहेंगे, 25 जनवरी को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का अवकाश रहेगा और 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इस तरह चार दिन तक ग्राहकों को शाखाओं में कामकाज नहीं मिल पाएगा।
