पत्नी और प्रेमी की खौफनाक साजिश, आठ दिन तक नाकाम कोशिशों के बाद तीन गोलियां मारकर की हत्या

मध्यप्रदेश में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति संतोष गिरी गोस्वामी को रास्ते से हटाने के लिए ऐसा अमानवीय प्लान बनाया, जिसे सुनकर हर कोई सिहर उठा। पत्नी रीना गोस्वामी और उसका प्रेमी अमित खान किसी भी कीमत पर संतोष को जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों ने आठ दिनों तक अलग अलग तरीकों से उसकी हत्या की कोशिश की। पहले शराब में तेजाब मिलाया गया, फिर सड़क हादसे की साजिश रची गई और जब दोनों बार वह बच गया तो आखिरकार गोलियों से भून दिया गया।

पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल तीसरे आरोपी सन्नी परिहार निवासी बनेरी चीनीर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे षड्यंत्र की परतें खुलती चली गईं। पूछताछ में सामने आया कि हत्या का मास्टरमाइंड अमित खान निवासी मेहगांव करहिया था, जो सन्नी का करीबी दोस्त है। रीना और अमित नहीं चाहते थे कि संतोष किसी भी हाल में जिंदा बचे।

मंगलवार रात संतोष को एक बार फिर शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया। इस बार आरोपियों ने कोई जोखिम नहीं लिया। पहले उसकी कनपटी में गोली मारी गई, फिर पेट में और आखिर में पीछे से सिर में गोली दाग दी गई। जब पूरी तरह यकीन हो गया कि संतोष की मौत हो चुकी है, तब अमित ने रीना को फोन कर कहा कि उसकी परेशानी खत्म कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार पांच दिन पहले नयागांव पनिहार क्षेत्र में शराब पार्टी के बहाने संतोष को बुलाया गया था। उसे जमकर शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसके ड्रिंक में तेजाब मिलाकर पिला दिया गया। लेकिन अत्यधिक शराब पीने के कारण तेजाब का असर कम हुआ और संतोष बच गया। इसके बाद दूसरा प्लान बनाया गया। फिर से उसे शराब पिलाकर नशे में बाइक थमा दी गई और हाइवे पर ट्रक के सामने धकेल दिया गया। हालांकि ट्रक चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे उसकी जान बच गई।

दो बार मौत को मात देने के बाद रीना ने अमित पर दबाव बनाया कि अब सीधे तरीके से संतोष को खत्म किया जाए। इसके बाद तीसरी बार शराब पार्टी के बहाने बुलाकर गोलियों से हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

इस खौफनाक प्रेम प्रसंग और अपराध से जुड़ी ऐसी खबरों से जुड़े रहने के लिए भीलवाड़ा हलचल के साथ जुड़े रहें।

Next Story